सिर्फ ₹999 देकर छत पर लगवाएं सोलर पैनल, खत्म होगी महंगे बिजली बिल की टेंशन…

सिर्फ ₹999 देकर छत पर लगवाएं सोलर पैनल, खत्म होगी महंगे बिजली बिल की टेंशन: अगर आप बिहार के रहने वाले हैं और हर महीने भारी-भरकम बिजली बिल देखकर परेशान हो जाते हैं, तो आपके लिए एक बड़ी और काम की खबर है। अब अपने घर में सोलर सिस्टम लगाने के लिए एक बार में ढेर सारे पैसे जुटाने का झंझट खत्म हो गया है। अगर आपकी जेब में इस वक्त सिर्फ 999 रुपये हैं, तो भी आप अपने घर पर सोलर पैनल लगवा सकते हैं।

हाल ही में टाटा पावर ने बिहार में ‘घर-घर सोलर योजना’ की शुरुआत की है। कंपनी का सीधा लक्ष्य है कि अगले 3 सालों में राज्य के कम से कम 5 लाख परिवारों को सोलर पावर से जोड़ा जाए।

आसान किस्तों में मिलेगा फाइनेंस का फायदा

टाटा पावर इस योजना के तहत ग्राहकों को 100% फाइनेंसिंग की सुविधा दे रही है, यानी आपको शुरू में पूरा पैसा नहीं देना है। आप पूरे खर्च को 5 साल (60 महीने) की आसान ईएमआई (EMI) में चुका सकते हैं:

1 किलोवाट (kW) का सोलर: इसके लिए बस ₹999 की डाउन पेमेंट देनी होगी और फिर हर महीने ₹932 की किस्त बनेगी।

3 किलोवाट (kW) का सोलर: आम मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह बेस्ट रहता है। इसकी हर महीने की किस्त ₹2,907 आएगी।

उपभोक्ता अपनी जरूरत और घर के लोड के हिसाब से 1 kW से लेकर 10 kW तक का सोलर सिस्टम चुन सकते हैं।

सरकार से मिलेगी जबरदस्त सब्सिडी

पीएम सूर्य घर योजना के तहत इस पर केंद्र और राज्य सरकार, दोनों मिलकर तगड़ी सब्सिडी दे रही हैं:

1 kW क्षमता पर: इसे लगाने का अनुमानित खर्च ₹60,000 से ₹75,000 के आसपास आता है। इसमें से केंद्र सरकार ₹30,000 और बिहार सरकार ₹10,000 की छूट दे देती है। यानी उपभोक्ता को अपनी जेब से सिर्फ ₹20,000 से ₹35,000 ही लगाने पड़ते हैं।

3 kW क्षमता पर: इस पर कुल मिलाकर अधिकतम ₹1.08 लाख (केंद्र का ₹78,000 और बिहार सरकार का ₹20,000) तक की सब्सिडी मिल जाती है।

आपके घर के लिए कौन सा सोलर सही रहेगा?

1 किलोवाट: अगर घर में 2-3 पंखे, 4-5 LED बल्ब, एक टीवी और फोन-लैपटॉप चार्जिंग का काम है।

2 किलोवाट: अगर पंखे-बल्ब थोड़े ज्यादा हैं और साथ में एक कूलर व छोटा पानी का पंप भी चलाना है।

3 किलोवाट: अगर घर में फ्रिज, मिक्सी, पानी की मोटर के साथ-साथ 1 टन का इन्वर्टर एसी भी चलता है।

(ध्यान दें: यह गणित ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम का है जो सीधा सरकारी बिजली ग्रिड से जुड़ता है। अगर आप बैटरी वाला यानी ऑफ-ग्रिड सिस्टम लेंगे तो खर्च थोड़ा बढ़ जाएगा।)

गरीब परिवारों के लिए बिल्कुल फ्री व्यवस्था

अगर कोई परिवार गरीबी रेखा से नीचे (BPL) आता है, तो बिहार सरकार उनके घर की छत पर 1.1 kVA का सोलर सिस्टम एकदम मुफ्त लगा रही है। इसका एक भी रुपया उपभोक्ता को नहीं देना होता, पूरा खर्च राज्य सरकार खुद उठाती है।

Leave a Comment