दिल्ली जल बोर्ड (DJB) से जुड़े कथित टेंडर घोटाले मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की कानूनी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती दिख रही हैं। दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए सत्येंद्र जैन समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय, पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव, मेसर्स एएन एंटरप्राइजेज के मालिक नागेंद्र यादव, यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा और मेसर्स सृजनहार के मालिक पंकज वर्मा शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता/आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या है दिल्ली जल बोर्ड का यह मामला?
ACB के अनुसार, यह पूरा मामला दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STP) के संवर्धन और अपग्रेडेशन के लिए जारी किए गए टेंडरों में हुई कथित गड़बड़ियों और आपराधिक साजिश से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि टेंडर की शर्तों में जानबूझकर इस तरह से हेरफेर की गई, जिससे प्रतिस्पर्धा सीमित हो जाए और एक खास कंपनी, ‘मेसर्स यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड’ को अनुचित लाभ पहुंचाया जा सके।
मामले की जांच में कई गंभीर प्रक्रियागत खामियां सामने आई हैं:
सीवेज ट्रीटमेंट के लिए प्रस्तावित अनिवार्य पायलट स्टडी को कथित तौर पर नजरअंदाज कर दिया गया। उपचारित पानी (Treated Wastewater) की गुणवत्ता से जुड़े कुछ जरूरी तकनीकी मानकों को टेंडर की शर्तों से बाहर कर दिया गया। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से संकेत मिला है कि अधिकारियों और निजी कंपनियों के बीच दस्तावेजों का आदान-प्रदान हुआ, जिसके बाद केवल एक विशेष कंपनी के अनुकूल शर्तें जोड़ी गईं।
₹1.52 करोड़ की कथित रिश्वत का लेन-देन
ACB की जांच का सबसे अहम पहलू वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है। एजेंसी के मुताबिक, जांच के दौरान पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय और उनके करीबियों के बैंक खातों में लगभग ₹1.52 करोड़ की संदिग्ध रकम का पता चला है। आरोप है कि यह राशि एएन एंटरप्राइजेज के माध्यम से ट्रांसफर की गई थी, जिसका सीधा संबंध यूरोटेक एनवायरनमेंट से था। जांच एजेंसी का यह भी दावा है कि इस राशि का इस्तेमाल अचल संपत्तियों की खरीद में किया गया। फिलहाल एजेंसी इस पूरे मनी ट्रेल और वित्तीय सांठगांठ की गहराई से जांच कर रही है।
सत्येंद्र कुमार जैन समेत कौन-कौन गिरफ्तार हुआ?
सत्येंद्र कुमार जैन: पूर्व जल मंत्री, दिल्ली सरकार
उदित प्रकाश राय : पूर्व CEO, दिल्ली जल बोर्ड
अंकित श्रीवास्तव : पूर्व संविदा सलाहकार, DJB
नागेंद्र यादव : मेसर्स AN Enterprises के मालिक
राजा कुमार कुर्रा : मेसर्स Eurotech Environment Pvt Ltd के मालिक
पंकज वर्मा : मेसर्स Srijanhar के मालिक